

कुशीनगर। जनपद कुशीनगर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनहित के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए 24 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए गए हैं। बुधवार 11 मार्च 2026 को जारी प्रेसनोट के अनुसार छह माह से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए स्थानों पर भेजा गया है। इस व्यापक फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और इसे कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के तहत कई महत्वपूर्ण थानों और शाखाओं में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निरीक्षक हरिवर्धन सिंह को कोतवाली पडरौना से कुबेरस्थान, जबकि निरीक्षक ओम प्रकाश तिवारी को रविन्द्रनगर धूस से कोतवाली पडरौना भेजा गया है। वहीं निरीक्षक गिरीशेज उपाध्याय को खड्डा से तमकुहीराज तथा निरीक्षक आयुषोत सिंह को स्वाट टीम से कसया तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह को यातायात से पुलिस लाइन और निरीक्षक अश्वनी कुमार राय को अपराध शाखा से यातायात निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में कई उपनिरीक्षकों को भी नई तैनाती दी गई है। उपनिरीक्षक संदीप सिंह को कुबेरस्थान से खड्डा, सुनील कुमार वर्मा को तमकुहीराज से रविन्द्रनगर धूस, अभिषेक मिश्रा को कसया से जटहां बाजार तथा आलोक कुमार को जटहां बाजार से तुर्कपट्टी थाना भेजा गया है। वहीं कई अन्य उपनिरीक्षक जो पुलिस लाइन या विभिन्न सेल में तैनात थे, उन्हें सक्रिय थानों पर तैनाती देकर कानून-व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह तबादला सूची सिर्फ नियमित प्रक्रिया नहीं बल्कि जिले में पुलिसिंग को और अधिक तेज, जवाबदेह और परिणाममुखी बनाने की रणनीति का हिस्सा है। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों के स्थानांतरण से कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को कड़ा लेकिन आवश्यक कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बड़े फेरबदल के बाद जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती और जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण में तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं पुलिस अधीक्षक के इस निर्णायक कदम से साफ संकेत मिल गया है कि कार्य में लापरवाही या ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
