
01 अप्रैल, विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
कुशीनगर जनपद में जनस्वास्थ्य को नई ऊर्जा देने और खतरनाक संचारी रोगों पर निर्णायक प्रहार करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से निकली जन-जागरूकता रैली ने पूरे शहर में स्वास्थ्य चेतना की अलख जगा दी। रैली को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चन्द्रप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में आशा बहुओं, सफाई नायकों, स्वास्थ्य कर्मियों और नगर निकाय के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तख्तियां और नारों की गूंज के साथ प्रतिभागियों ने आमजन को जागरूक करते हुए संदेश दिया—“बुखार में देरी पड़ी भारी”, “रोकें मच्छर, बचाएं जीवन” और “स्वच्छ पानी–स्वस्थ जीवन”। पूरा वातावरण जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी से सराबोर नजर आया।
यह जागरूकता रैली मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से निकलकर कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए पुनः कार्यालय परिसर पहुंची, जहां स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को रोगों से बचाव के सरल और प्रभावी उपाय बताए गए।
01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाला यह अभियान दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया जैसे जानलेवा वेक्टर जनित रोगों पर नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करेगा। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही मच्छरों के खात्मे के लिए लार्वीसाइड छिड़काव और फॉगिंग अभियान तेज किया जाएगा।
इसके अलावा 10 से 30 अप्रैल तक चलने वाले “दस्तक अभियान” के अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों की पहचान करेंगी, टीबी, कुपोषण सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सर्वे कर आवश्यक परामर्श देंगी।
इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक, नगर पालिका परिषद पडरौना के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद में इस अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह और सजगता देखने को मिल रही है।
