
कुशीनगर। विलेज फास्ट टाइम्स से विशेष संवाददाता।
कुशीनगर सेमरा हरदोई कटकुईया के 80 वां **देश की आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जामिया रहमानिया इस्लामिया, सेमरा हरदोई कटकुईया के विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय प्रांगण में पूरे सम्मान और गरिमामय वातावरण के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तिरंगा लहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान की गूंज से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मौलाना खालिद नरवी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद अहमद सिद्दीकी तथा प्रधानाचार्य सदरे आलम ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया। विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में अध्यापक कारी जिब्रील साहब, हाफिज मुजफ्फर हुसैन, मौलवी ओसामा अहमद, हाफिज कबीर साहब, मिस जोहरा खातून, तबस्सुम खातून, डॉक्टर आजाद अहमद, सिराजुद्दीन एवं रिजवान अहमद सहित विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।
वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहन प्रसाद खरवार की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। डॉक्टर लियाकत अंसारी सहित गणमान्य लोगों ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी का भी नाम है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संकल्प दोहराया।
जामिया रहमानिया इस्लामिया का यह स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देकर यादगार बन गया।
