
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | 08 अप्रैल 2026
कुशीनगर जनपद की नगर पंचायत फाजिलनगर में अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन की अधिसूचना जारी होते ही स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय) महेंद्र सिंह तंवर ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में स्पष्ट किया कि रिक्त (अनारक्षित) अध्यक्ष पद पर उपचुनाव निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपन्न कराया जाएगा, बशर्ते न्यायालय का कोई स्थगन आदेश बाधा न बने।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन प्रक्रिया 10 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इसके बाद 18 अप्रैल को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 20 अप्रैल को अभ्यर्थियों को नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। 21 अप्रैल को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 5 मई को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और 7 मई को मतगणना के साथ ही परिणाम सामने आ जाएंगे।
इस उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। डिप्टी कलेक्टर सर्वेश सिंह को रिटर्निंग अधिकारी और तहसीलदार कसया धर्मवीर सिंह को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा 10 अप्रैल को सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी और उसी दिन से नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू होगी। यह पूरा चुनाव उत्तर प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियमावली 2010 के तहत संपन्न कराया जाएगा।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने साफ निर्देश दिए हैं कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चुनाव संपन्न कराएं। फाजिलनगर का यह उपचुनाव अब जिले की राजनीति का केंद्र बिंदु बनता नजर आ रहा है।
