
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर से विशेष संवाददाता
पडरौना। शहर की सबसे बड़ी समस्या बन चुके भीषण जाम और अव्यवस्थित यातायात को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में रविवार को शहर के प्रमुख समाजसेवी एवं अग्रवाल महासभा के जिला अध्यक्ष प्रदीप चाहाड़िया के प्रतिष्ठान पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर को जाममुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने पर व्यापक मंथन हुआ।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पडरौना तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात ने नगर पालिका परिषद, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से खुलकर संवाद किया। शहर की प्रमुख सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और संकरी गलियों के कारण रोजाना लगने वाले जाम पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।

चर्चा के दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। शहर के कुछ प्रमुख मार्गों को वन-वे घोषित करने, सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, यातायात संकेतकों को सुदृढ़ करने तथा बाजार क्षेत्रों में वाहनों के संचालन के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया कि यदि प्रशासन, व्यापारी और आमजन मिलकर जिम्मेदारी निभाएं तो पडरौना को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत दिलाई जा सकती है। लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन सुझावों को धरातल पर उतारकर शहरवासियों को राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुचारू होगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक कैलाश, प्रदेश मंत्री एवं जिला अध्यक्ष सचिन चौरसिया, संगठन मंत्री अभय अग्रवाल, वरिष्ठ पदाधिकारी सतीश जिंदल, व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री जगदंबा अग्रवाल, अग्रवाल महासभा के जिला महामंत्री संजय, मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय मंत्री आलोक अग्रवाल सहित नगर के अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक को शहर के बेहतर यातायात प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
