
मुन्ना अंसारी विशेष संवाददाता, विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के थाना विशुनपुरा क्षेत्र के जंगल नौगावा गांव से सामने आई एक घटना ने प्रशासन के उन तमाम दावों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है, जिनमें गांव-गांव न्याय पहुंचाने की बातें की जाती हैं। आरोप है कि एक गरीब परिवार की महीनों की मेहनत पर अराजक तत्वों ने एक झटके में पानी फेर दिया। खेतों में लहलहा रही धान, मक्का, अरहर और सुथनी की फसल काटकर खेत में ही बर्बाद कर दी गई, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित मन्नू निषाद द्वारा थाना विशुनपुरा में दी गई तहरीर के अनुसार, अज्ञात लोगों ने अलग-अलग खेतों में खड़ी उनकी फसल काटकर नष्ट कर दी। खेती ही परिवार की आय का मुख्य साधन है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी लोगों के बीच आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार थाना समाधान दिवस, तहसील समाधान दिवस, न्याय चौपाल और एसडीएम जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान बताकर प्रचारित करती है, तो आखिर एक गरीब फरियादी को न्याय के लिए दर-दर क्यों भटकना पड़ता है? क्या ये कार्यक्रम केवल कागजी उपलब्धियां साबित हो रहे हैं, या वास्तव में पीड़ितों को राहत भी मिल रही है?
तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि शिकायतें करने के बाद भी कई मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में लोगों का भरोसा व्यवस्था से डगमगाने लगा है। यदि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का प्रभावी समाधान हो रहा होता, तो आखिर फरियादियों को जिला मुख्यालय के चक्कर क्यों लगाने पड़ते? यह सवाल अब आम जनता की जुबान पर है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दोषियों पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो यह संदेश जाएगा कि गरीब की मेहनत और उसकी फसल की कोई कीमत नहीं है।
विलेज फास्ट टाइम्स का मानना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाना चाहिए। न्याय व्यवस्था की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब गरीब को अपने अधिकार के लिए कार्यालयों की चौखटें नहीं, बल्कि समय पर न्याय मिलता दिखाई देगा।
