
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस में 35 वर्षों से अधिक समय तक अनुशासन, निष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक उमेश चन्द भट्ट को उनके गौरवपूर्ण सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। जनपद कुशीनगर में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान उन्हें उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं राज्य पुलिस प्रमुख राजीव कृष्णा, आईपीएस द्वारा प्रदत्त ‘स्मृति चिह्न’ प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके लंबे और सराहनीय पुलिस जीवन की उपलब्धियों का प्रतीक माना जा रहा है।
बुधवार, 06 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कुशीनगर में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने संयुक्त रूप से श्री भट्ट को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके योगदान को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया और उनके अनुकरणीय सेवाकाल की मुक्तकंठ से सराहना की।
अपने 35 वर्षों से अधिक के पुलिस जीवन में श्री उमेश चन्द भट्ट ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा तथा पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली सदैव अनुशासित, निष्पक्ष, कर्तव्यनिष्ठ और जनहित के प्रति समर्पित रही, जिसके कारण वे पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन के बीच भी सम्मानित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि श्री भट्ट जैसे अधिकारी पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, ईमानदारी और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
सम्मान ग्रहण करने के बाद श्री उमेश चन्द भट्ट ने पुलिस विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि उन सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा है जो पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं।

