
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता।
कुशीनगर। विद्युत व्यवस्था की बदहाली को लेकर दुदही क्षेत्र के शाहपुर खालवा पट्टी, बाजार टोला के ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र कुबेरस्थान के अधिकारियों को लिखित पत्र देकर गांव की चरमराई बिजली व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की चेतावनी दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब 154 विद्युत कनेक्शन हैं, लेकिन इसके बावजूद महज 25 KVA क्षमता का एक ट्रांसफार्मर पूरे गांव का भार उठा रहा है। पत्र में दावा किया गया है कि ट्रांसफार्मर अपनी क्षमता से कई गुना अधिक लोड झेल रहा है और बार-बार ओवरलोड होकर जल जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक बीते एक महीने में ट्रांसफार्मर चार बार जल चुका है, जिसके चलते पूरा गांव लंबे समय से अंधेरे की मार झेल रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि ग्रामीणों के अनुसार गांव में पहले से लगाए गए 25-25 KVA के दो नए ट्रांसफार्मर मौजूद हैं, लेकिन उन्हें अभी तक चालू नहीं कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इन ट्रांसफार्मरों को तत्काल चालू कर दिया जाए तो बिजली आपूर्ति में काफी सुधार हो सकता है।
बिजली संकट का असर अब रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज कराने के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोग मजबूरी में सरसों के तेल का दीपक जलाकर रात काटने को विवश हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी पहले ही विधायक, सांसद, एक्सईएन और एसडीओ समेत संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। अब ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि जब तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होती, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों की मांग है कि दोनों नए ट्रांसफार्मरों को तत्काल चालू कराया जाए और बार-बार जल रहे 25 KVA ट्रांसफार्मर को हटाकर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
अब सवाल बड़ा है—154 कनेक्शनों के गांव का भार आखिर कब तक 25 KVA का ट्रांसफार्मर उठाएगा? और अधिकारियों की नींद आखिर कब टूटेगी?
