
कुशीनगर। थाना कसया क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक मोहित मद्धेशिया की हत्या के मामले में पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग को लेकर उपजे विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि युवक की लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को मृतक के पिता योगेन्द्र मद्धेशिया की तहरीर पर थाना कसया में मुकदमा अपराध संख्या 0492/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अरविन्द गौड़, शैलेश गौड़ सहित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच में पुलिस के सामने जो कहानी आई, उसने पूरे घटनाक्रम की परतें खोल दीं। पुलिस का दावा है कि मृतक मोहित मद्धेशिया का अरविन्द गौड़ की पुत्री से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 10/11 अगस्त की रात मोहित ने युवती को गांव के बाहर स्थित अपने दूसरे मकान पर मिलने के लिए बुलाया। युवती वहां पहुंची, लेकिन इसी दौरान उसे तलाशते हुए उसके पिता अरविन्द गौड़ और चचेरे भाई शैलेश गौड़ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक दोनों ने मोहित और युवती को एक साथ देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अरविन्द तथा शैलेश ने मिलकर मोहित पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद कसया पुलिस ने तेजी दिखाते हुए नामजद आरोपी अरविन्द पुत्र रामप्यारे गौड़ निवासी भठई बाबू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित आलाकत्ल लोहे की रॉड भी बरामद की है। वहीं दूसरे नामजद आरोपी शैलेश गौड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डा. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
विलेज फास्ट टाइम्स की खास रिपोर्ट: महज कुछ घंटों में पुलिस की कार्रवाई ने हत्या की गुत्थी सुलझा दी, लेकिन प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक युवक की जिंदगी लील गया।
