
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर से विशेष संवाददाता
जल मिश्रित शराब, संदिग्ध द्रव, 18 पेटी टेट्रा पैक और 41 नकली ढक्कनों के साथ दो गिरफ्तार
कुशीनगर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए तुर्कपट्टी थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 13 अगस्त को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान जल मिश्रित शराब, विभिन्न ब्रांडों की शराब की बोतलें, संदिग्ध भूरे रंग का द्रव, भारी मात्रा में टेट्रा पैक और नकली ढक्कन बरामद किए गए। मामले में बिहार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में चल रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विन्ध्याचल कुशवाहा, निवासी भठवा बाजार, थाना कटया, गोपालगंज (बिहार) तथा सुमेश कुमार कुशवाहा, निवासी लक्ष्मीपुर कचहरी, थाना गोपालपुर, गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।
बरामदगी में एम्पीरीयल ब्लू, आइकोनिक, रायल स्टेज, स्टर्लिंग बी-7 और 8 पीएम ब्रांड की बोतलों के साथ दो पानी की बोतलों में भूरे रंग का द्रव मिला। इसके अलावा ऑफिसर्स च्वाइस के 18 पेटी टेट्रा पैक, प्रत्येक पेटी में 48 पैक, तथा अलग-अलग ब्रांडों के 41 नकली ढक्कन बरामद किए गए।
अब सवाल सिर्फ अवैध शराब का नहीं, बल्कि नकली ढक्कन और संदिग्ध द्रव के जरिए शराब की पैकिंग व बिक्री के कथित नेटवर्क का भी है। बरामदगी ने इस कारोबार की गहराई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक जांच की आंच पहुंचने की संभावना है।
थाना तुर्कपट्टी में मु0अ0सं0 165/2026, धारा 318(4), 319(2), 349, 350 BNS एवं 60/64 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विलेज फास्ट टाइम्स की प्रशासनिक नजर:
कुशीनगर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अब जरूरत सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि सप्लाई चेन, नकली पैकेजिंग और इस धंधे के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की है। यदि जांच निष्पक्ष और गहराई से आगे बढ़ती है तो इस बरामदगी से कई और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
