
छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट; 13 से 15 नवंबर तक सुबह 8 से रात 10 बजे तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, 15/16 नवंबर की रात पूजा समाप्ति तक विशेष प्रतिबंध
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर। विशेष संवाददाता।
लोक आस्था के महापर्व छठ पर बाजारों और प्रमुख मार्गों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुशीनगर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पडरौना और कसया कस्बे में जाम की समस्या से निपटने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए व्यापक यातायात परिवर्तन लागू किया गया है। निर्धारित व्यवस्था के तहत 13 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन और नो-एंट्री प्रभावी रहेगी। वहीं 15 और 16 नवंबर की मध्यरात्रि 2 बजे से छठ पूजा समाप्त होने तक विशेष यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार जलकल तिराहा, शिवाला मंदिर तिराहा, राधाकृष्ण मंदिर के आगे कन्नौजिया वार्ड तिराहा, आलू मंडी के निकट तिराहा, छुछिया गेट, जटहां तिराहा, पीएनबी तिराहा और चहाड़िया तिराहा से विशेष परिस्थितियों को छोड़कर चारपहिया वाहनों तथा ई-रिक्शा का शहर के अंदर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
पडरौना से कसया जाने वाले चारपहिया एवं व्यावसायिक वाहन बैरिया कांटा से गोपालगढ़ बाईपास होकर गंतव्य तक पहुंचेंगे। देवरिया से कसया होते हुए पडरौना आने वाले वाहन कसया ओवरब्रिज से गोपालगढ़ और बैरिया कांटा के रास्ते जाएंगे। वहीं गोरखपुर से कसया होकर पडरौना आने वाले भारी एवं चारपहिया वाहनों को हाईवे बाईपास, गोपालगढ़ और बैरिया कांटा से निकाला जाएगा।
पार्किंग के लिए भी निर्धारित किए गए स्थल
पडरौना में उदित नारायण डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान, सुभाष चौक के निकट सोसाइटी का निर्धारित परिसर, पूर्व निर्धारित ऑटो स्टैंड तथा रेलवे स्टेशन के पास गृहस्थी स्टोर के बगल में वाहनों की पार्किंग होगी। कसया में चारपहिया वाहनों के लिए रोडवेज के समीप बेनेट क्लब निर्धारित किया गया है। भीड़ बढ़ने पर एयरपोर्ट जाने वाली बाईं लेन में भी पार्किंग कराई जाएगी।
प्रशासन की अपील, नियम तोड़ने से बचें
पुलिस प्रशासन ने छठ पर्व की खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों से चारपहिया वाहनों के बजाय दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता देने की अपील की है। आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर शहर के भीतर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि पर्व की आस्था और उल्लास के बीच यातायात व्यवस्था बाधित न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ऐसे में नागरिक निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।
