
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता।
गोरखपुर। प्रतिभा जब मेहनत, अनुशासन और बेहतर मार्गदर्शन के साथ मंच पर उतरती है तो सफलता की नई इबारत लिखती है। कुछ ऐसा ही शानदार प्रदर्शन जगदीश पब्लिक स्कूल, गौरीश्रीराम के विद्यार्थियों ने मंडल स्तरीय युवा उत्सव-2026 में कर दिखाया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने न केवल निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का मान भी बढ़ाया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से शुक्रवार को गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इसी मंच पर जगदीश पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से सफलता का परचम लहराया।
नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान, राज्य स्तर पर चयन
प्रतियोगिता की नुक्कड़ नाटक विधा में श्रीजा राय, शशांक, अंकित सहित अन्य विद्यार्थियों की टीम ने सामाजिक संदेश और शानदार प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। टीम के अभिनय, संवाद अदायगी और सामूहिक समन्वय ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ टीम का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

वहीं लोकनृत्य प्रतियोगिता में सानवी तिवारी, प्रियांशी बरनवाल, श्वेता, किरन सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन प्रतिभागियों ने भी प्रदेश स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की।
संस्थापक ने थपथपाई पीठ, शिक्षकों के योगदान को सराहा
विद्यालय की इस उपलब्धि पर संस्थापक एवं अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय सचिव तथा प्रख्यात इतिहासकार डॉ. बालमुकुंद पाण्डेय ने चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गंगेश्वर पाण्डेय ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस सफलता में शिक्षिका रश्मि मैम, सव्या मैम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण राज्य मंत्री डॉ. विभ्रांत चंद कौशिक ने चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
जगदीश पब्लिक स्कूल की यह उपलब्धि केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं, बल्कि यह साबित करती है कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे मंडल ही नहीं, प्रदेश स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती हैं। अब सभी की निगाहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां विद्यालय के ये होनहार विद्यार्थी अपनी सफलता की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।

