
त्यौहार को सकुशल सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने हेतु डीएम ने जनपदवासियों से किया अपील
पूर्व की भांति आगामी त्योहारों को अधिकारी गण आपसी समन्वय से कराएं संपन्न – डीएम
कुशीनगर आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, सहित अन्य त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में कानून एवं शांन्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, विभिन्न सम्प्रदाय के धर्मगुरूओं एवं जनपद के प्रतिष्ठित /संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा की अब तक हम लोगों ने सभी त्योहारों को शांति पूर्वक मनाए हैं इसी प्रकार अधिकारी गण आपसी समन्वय से आगामी त्यौहार को भी संपन्न कराएंगे ऐसा विश्वास है। उन्होंने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपदवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अच्छे माहौल में सभी को सुरक्षा के साथ अन्य चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है , फिर भी अच्छे माहौल में अभी तक सभी त्यौहार संपन्न हुए। उन्होंने आश्वस्त भी किया कि आने वाला त्यौहार भी सकुशल संपन्न होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी से अनुरोध किया कि यदि कहीं कोई समस्याएं या दिक्कत हो तो समय से उच्च अधिकारियों को अवगत कराएं ताकि समय रहते समस्या का निदान कराया जा सके। उन्होंने सुरक्षित माहौल में सभी त्योहारों को संपन्न कराने हेतु सभी से सहयोग की अपेक्षा भी की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार ने कहा कि जनपद में लगभग 1716 स्थानों पर मूर्ति स्थापित कराई जाएगी जिसके दृष्टिगत पुलिस और प्रशासन की ओर से समस्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लिया गया है। उक्त त्योहारों के लिए पुलिस टीम की ड्यूटी भी लगा दी गई है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की है कि सुरक्षित वातावरण में खुशियों के साथ अपने त्योहारों को मनाए। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाये। अनावश्यक एवं भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंनें उपस्थित सभी लोगों से कहा कि शासन के दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
बैठक में प्रबुद्धजनों, धर्मगुरूओं ने जिले में अनेकता में एकता, अमन-चैन एवं आपसी सौहार्द कायम रखने पर अपने- अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने एक स्वर से आश्वासन दिया कि वे शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि जनपद में प्यार और भाईचारा बनाये रखें। उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया कि जिले में अमन-चैन सदैव बरकरार रहेगा।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने सभी संबंधित को निर्देशित किया कि मूर्ति स्थापनकर्ता के साथ डीजे एवं वाहन चालक का मोबाइल नंबर अवश्य प्राप्त कर लें, तथा किसी भी दशा में अश्लील गानों को न बजाए जाने की हिदायत दी गई। उन्होंने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर रस्सी, लाइट की व्यवस्था सहित साफ सफाई हेतु सभी ईओ को निर्देशित किया।
इस अवसर पर समस्त उपजिलाधिकारी गण, समस्त सीओ, थानाध्यक्ष, सभी ईओ, सहित सभी संबंधित अधिकारी गण व विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु मौजूद रहे।


