

विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज नेटवर्क
कुशीनगर से विशेष संवाददाता
प्रयागराज/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में कथित भू-माफियाओं के विरुद्ध चल रहे प्रशासनिक अभियानों के बीच तमकुहीराज तहसील से जुड़ा एक मामला अब इलाहाबाद हाईकोर्ट की चौखट तक पहुंच गया है। तमकुहीराज के उप जिलाधिकारी द्वारा विगत माह धनंजय उपाध्याय को कथित रूप से “भू-माफिया” घोषित कर उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई पर माननीय इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। न्यायालय के इस आदेश ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
याचिकाकर्ता की ओर से न्यायालय में दलील दी गई कि उन्हें बिना किसी नोटिस, बिना अपना पक्ष रखने का अवसर दिए और प्राकृतिक न्याय के मूल सिद्धांतों की अनदेखी करते हुए सीधे भू-माफिया घोषित कर दिया गया। इतना ही नहीं, विवादित आदेश के आधार पर उनके विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की भी तैयारी कर ली गई थी। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया इस तर्क को गंभीरता से लिया।
सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अतिरिक्त मुख्य स्थायी अधिवक्ता (Additional Chief Standing Counsel) को निर्देश दिया कि वह स्पष्ट करें कि आखिर किन परिस्थितियों और किन आधारों पर याचिकाकर्ता को भू-माफिया घोषित किया गया। अदालत ने संकेत दिया कि किसी भी नागरिक के विरुद्ध इतनी गंभीर कार्रवाई कानून द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना नहीं की जा सकती।
हाईकोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में स्पष्ट किया कि 13 जुलाई 2026 को इस मामले की पुनः सुनवाई की जाएगी। तब तक न्यायालय की अनुमति के बिना याचिकाकर्ता के विरुद्ध कोई भी दंडात्मक अथवा कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस आदेश के साथ ही प्रशासन की कार्रवाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लग गई है।
यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही और ‘प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत’ (Audi Alteram Partem) की कसौटी पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कानून स्पष्ट कहता है कि किसी भी व्यक्ति के अधिकारों को प्रभावित करने वाला निर्णय लेने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो न्यायालय हस्तक्षेप कर सकता है।
अब सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या भू-माफिया के विरुद्ध अभियान की आड़ में कहीं जल्दबाज़ी में ऐसे आदेश पारित किए जा रहे हैं, जिनमें कानूनी प्रक्रिया की अनदेखी हो रही है? यदि ऐसा है तो यह न केवल प्रशासनिक निष्पक्षता बल्कि कानून के शासन पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। अदालत का यह आदेश प्रशासन के लिए स्पष्ट संदेश है कि सख्ती का अधिकार कानून से ऊपर नहीं हो सकता और कार्रवाई की मजबूती केवल आरोपों से नहीं, बल्कि वैधानिक प्रक्रिया के पालन से तय होती है।
अब सभी की निगाहें 13 जुलाई की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां प्रशासन को न्यायालय के समक्ष यह बताना होगा कि आखिर किन तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर धनंजय उपाध्याय को भू-माफिया घोषित किया गया। यदि प्रशासन संतोषजनक जवाब देने में विफल रहता है, तो यह मामला आगे और गंभीर कानूनी मोड़ ले सकता है।
