
कुशीनगर जनपद के दुदही नगर पंचायत क्षेत्र में भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष पिंकी शर्मा पर गंभीर आरोप लगे हैं। क्षेत्र की कई मुसहर महिलाओं ने आरोप लगाया है कि पिंकी शर्मा ने पट्टे की जमीन दिलाने के नाम पर हजारों रुपये वसूल लिए, लेकिन न तो जमीन दिलाई और न ही पैसे लौटाए।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष ने उन्हें सरकारी योजना के तहत जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया था। महिलाओं ने बताया कि इस भरोसे में आकर उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई उन्हें दे दी। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद जब नतीजा नहीं निकला, तो उन्होंने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, जिस पर धमकाने और अपमानित करने की बात सामने आई।
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है।
वहीं, पिंकी शर्मा ने सभी आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी बढ़ती लोकप्रियता से परेशान होकर झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल मामला चर्चा में है और प्रशासन ने जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है।
