
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज़ / कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाडीभार गांव में सोमवार को हुए सड़क हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह दर्दनाक घटना दुदही–गुरवलिया मार्ग पर हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे का पूरा दृश्य पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसमें दोनों बाइकों को तेज रफ्तार में एक-दूसरे से टकराते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर घटना की तहकीकात की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रहता, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।
