
कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के थाना कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिसवा शुक्ल निवासी मनीष प्रसाद को पुलिस ने सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आपत्तिजनक स्टोरी साझा की थी, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नगर संयोजक अभिजीत सिंह सनातनी ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आरोपी का विवरण जुटाया और कुशीनगर पुलिस को व्हाट्सएप व सोशल मीडिया के माध्यम से अवगत कराया। अभिजीत सिंह ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कुशीनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और थाना कप्तानगंज को निर्देशित कर आरोपी मनीष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तेजी से कार्रवाई से हिंदू समाज में संतोष और कानून व्यवस्था पर विश्वास का माहौल बना है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई धार्मिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की दिशा में सराहनीय कदम है। वहीं, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
