

कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गोसाईं पट्टी गांव में ग्राम प्रधान शंभू यादव के भाई भोला यादव की हत्या के छह दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की धीमी जांच और लापरवाही के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
बताया जाता है कि छह दिन पहले हुए इस हत्या कांड के बाद पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने थाना प्रभारी तमकुहीराज सुनील कुमार वर्मा से मुलाकात कर तेजी से कार्रवाई करने और मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
परिजनों ने यह भी कहा कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती, तो वे थाना गेट पर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वहीं इस पूरे प्रकरण में मृतक के परिवार ने निष्पक्ष जांच के लिए उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, परंतु मुख्य आरोपी अब तक फरार है। इस बीच गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे चुप नहीं बैठेंगे।
उधर पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों में पुलिस के रवैये को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है, जबकि मृतक के परिजन न्याय की उम्मीद में हर स्तर पर गुहार लगा रहे हैं।
– रिपोर्ट: धर्मेन्द्र पांडेय, कुशीनगर
