
कुशीनगर। आगामी छठ महापर्व को लेकर नगर पालिका पडरौना प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था का कार्य तेजी से जारी है। नगर पालिका टीम दिन-रात मेहनत कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बुधवार को अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नगर के भिसवा छठ घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट की सफाई, रास्तों की मरम्मत तथा बिजली-पानी की व्यवस्था समय से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था का सबसे बड़ा उत्सव है, ऐसे में घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पालिका कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कचरा निस्तारण, और बांध किनारे सुरक्षा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि नगर के प्रमुख घाटों जैसे रामकोला रोड घाट, बनवीरपुर घाट, और सिसवा घाट पर सौंदर्यीकरण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त पेयजल टैंकर और अस्थायी शौचालय भी लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि साफ-सफाई बनाए रखें और प्लास्टिक का उपयोग न करें।
नगर पालिका टीम के साथ ईओ, सफाई निरीक्षक और वार्ड सदस्यों की मौजूदगी में निरीक्षण संपन्न हुआ। अध्यक्ष ने कहा — “छठ घाटों को ऐसा रूप दिया जा रहा है कि श्रद्धालु श्रद्धा और स्वच्छता दोनों का अनुभव कर सकें।”
