

कुशीनगर। जनपद के पटहेरवा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा टल गया। बिहार से हरियाणा मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में ड्राइवर और एंबुलेंस कर्मी बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे एंबुलेंस तेज गति से गोरखपुर की ओर जा रही थी। अचानक सामने से आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने स्टीयरिंग मोड़ी, जिससे वाहन फिसलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस पलट गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। एंबुलेंस में सवार सभी लोग सुरक्षित पाए गए। पुलिस ने वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्पीड कंट्रोल और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रात में इस मार्ग पर ट्रकों की तेज रफ्तार और रोशनी की कमी के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
