
कुशीनगर तमकुही राज से अमित कुशवाहा की खास रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक बड़ी वारदात सामने आई है। तमकुही थाना क्षेत्र के कस्बा में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में बुधवार को दिनदहाड़े लाखों की चोरी हो गई। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम दिया, जिससे दुकानदार और ग्राहक दोनों ही हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, सृष्टि ज्वेलर्स के मालिक विद्यासागर वर्मा ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे एक ग्राहक सोने के झुमके दिखाने को कहकर दुकान पर आया था। झुमके दिखाने के बाद जब ग्राहक ने कुछ पसंद नहीं किया तो वह अपने एक संबंधी के फॉर्म से झुमके लेने की बात कहकर दुकान से चला गया।
वापस आने पर दुकानदार विद्यासागर वर्मा ने जब दुकान के लॉकर की जांच की तो उसमें रखे गहने गायब थे। दुकानदार के बेटे विकास ने बताया कि इस घटना में करीब दो तोला सोना और डेढ़ किग्रा चांदी के गहने चोरी हुए हैं।
पीड़ित दुकानदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। तमकुही थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में अपराध बढ़े हैं और यह घटना इस बात की तस्दीक करती है कि अपराधियों के लिए यह क्षेत्र शरणस्थली बन गया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। फिलहाल, इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
