

देवरिया। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शहर के चर्चित तेजस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और चिकित्सकीय कदाचार के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि बच्चे को सामान्य बुखार और उल्टी की शिकायत पर तेजस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान चिकित्सक ने बिना जांच और अनुभवहीन स्टाफ की देखरेख में गलत दवा दे दी, जिससे मासूम की हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों के हंगामे के बीच बच्चे ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का आरोप है कि हॉस्पिटल प्रबंधन और पुलिस के बीच ‘सेटिंग’ कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। परिजन लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
शहर में इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी #JusticeForChild ट्रेंड कर रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि ऐसे अस्पतालों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो ये लापरवाही मासूम जिंदगियों को निगलती रहेगी।
इस बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए देवरिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) से उम्मीद की जा रही है कि वे तुरंत मामले को संज्ञान में लें और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराएं, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
