
कुशीनगर। जनपद के कुबेर स्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत उपखंड में तैनात एसडीओ विरेंद्र वर्मा एक विवाद में घिर गए हैं। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बार-बार ट्रांसफॉर्मर फ्यूज उड़ने और आधे चौराहों पर बिजली आपूर्ति ठप रहने की समस्या को लेकर स्थानीय उपभोक्ता, व्यापारी और सामाजिक संगठनों में नाराजगी पहले से ही बनी हुई है। इसी बीच मीडिया प्रभारी एवं वैश्य समाज महासभा कुशीनगर के प्रतिनिधि भीम मदेशिया से हुई फोन वार्ता का एक कथित ऑडियो सामने आया है, जिसमें एसडीओ पर अभद्रता और शिकायत पर नाराज़ होकर फटकार लगाने के आरोप लग रहे हैं। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसके बाद मामला गर्मा गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिवपुर मंदिर परिसर में लगे 250 KVA के दो ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था शून्य है — तार खुले पड़े हैं और कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, फ्यूज उड़ने की समस्या के कारण क्षेत्रीय चौराहों पर पिछले कई दिनों से अघोषित कटौती जैसी स्थिति बनी हुई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि धनतेरस और दीपावली के मौके पर “घर अंधेरे में न रहें, इसलिए समस्या बताई गई थी”, मगर एसडीओ ने बात सुनने के बजाय उल्टा फोन पर डांट लगा दी।
इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जनता की समस्या सुनना और समाधान कराना अधिकारियों का दायित्व है, न कि शिकायतकर्ता को धमकाना या अपमानित करना। वहीं सामाजिक संगठनों ने बिजली विभाग से SDO के व्यवहार पर कार्रवाई और क्षेत्र में तत्काल ट्रांसफॉर्मर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
उधर, बिजली संकट झेल रहे व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के समय बार-बार बिजली गुल होना, फ्यूज बदलने में लापरवाही और अधिकारियों की असंवेदनशीलता, दोनों ने मिलकर जनता को परेशान कर दिया है।
फिलहाल वायरल ऑडियो पर विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, और लोग अब जिला प्रशासन की ओर से हस्तक्षेप की उम्मीद कर रहे हैं।
