
पडरौना | कुशीनगर
पडरौना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जंगल खिरकिया स्थित स्थान बाज़ार में चोरों ने पुलिस सहायता केंद्र से मात्र कुछ ही दूरी पर किराना की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और दुकानदारों में भारी नाराजगी है।
सूत्रों के मुताबिक वारदात देर रात की बताई जा रही है। चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर करीब 5 हज़ार रुपये नकद समेत बड़ी मात्रा में किराना का सामान चोरी कर लिया, जबकि पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से फरार भी हो गए। आश्चर्य की बात यह है कि जिस जगह चोरी हुई, वहां पुलिस सहायता केंद्र कुछ ही कदमों की दूरी पर मौजूद है, इसके बावजूद चोरों ने बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया।
सुबह जब दुकान मालिक ने शटर टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए। दुकानदार ने बताया कि दुकान में रखी नकदी और आवश्यक किराना सामग्री चोरी होने से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने तत्काल कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम घटनास्थल से फिंगर प्रिंट, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार रात्रि गश्त कमजोर है, जिसका फायदा चोर आसानी से उठा रहे हैं। व्यापार मंडल ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले पर पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। चोरी की घटना से पूरे बाजार में दहशत के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
