
मिशन शक्ति 5.0 : महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल, विशुनपुरा पुलिस ने बहू–बेटी सम्मेलन में दिया सुरक्षा का भरोसा
कुशीनगर / विशुनपुरा
थाना विशुनपुरा की मिशन शक्ति टीम ने शनिवार को ग्राम विसुनपुर बरियापट्टी में बहू–बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया। यह कार्यक्रम “मिशन शक्ति 5.0” के तहत आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 40 महिलाएँ और बालिकाएँ शामिल हुईं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिला अपराधों की रोकथाम, कानूनी जागरूकता और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, स्टॉकिंग या सोशल मीडिया पर अभद्र व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें, तुरंत कानून का सहारा लें। मौके पर टीम ने हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1930, 112, 1076, 108 आदि की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि संकट की घड़ी में ये नंबर महिलाओं की सबसे बड़ी सुरक्षा ढाल हैं।
टीम सदस्यों ने कहा कि अब सरकार और पुलिस दोनों महिलाओं की सुरक्षा के लिए जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहे हैं। साथ ही मिशन शक्ति के अंतर्गत चल रही सरकारी योजनाओं, महिलाओं के अधिकार, साइबर सुरक्षा, गुड टच–बैड टच, और तुरंत शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं और बच्चियों ने खुलकर अपनी बातें रखीं। पुलिस ने उनसे गुमनाम रूप से फीडबैक लेकर सुरक्षा से जुड़े और सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।
अंत में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से अपील की—
“डरिए मत, जागरूक बनिए… पुलिस सदैव आपके साथ है।”
