
तमकुहीराज/सेवरही — दीपों के पर्व दीपावली की खुशियाँ इस बार नगर पंचायत सेवरही में एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। नगर के मालवीय नगर वार्ड स्थित एक टीवी रिपेयरिंग दुकान में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान, टीवी सेट, डिश उपकरण, पैनल, पार्ट्स और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। यह दुकान ग्राम तिवारी पट्टी निवासी प्रभुनाथ गुप्ता की बताई जा रही है, जो लंबे समय से बाजार में रिपेयरिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सप्लाई का कार्य करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुई, जब अधिकांश लोग दीपावली का उत्सव मनाने के बाद विश्राम कर चुके थे। रात के सन्नाटे में उठती लपटों और धुएँ को देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तत्काल दुकान का शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई, जिसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। दमकल कर्मियों के काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।
व्यापारी प्रभुनाथ गुप्ता ने बताया कि दुकान में कई महंगे टीवी पैनल, एलईडी बोर्ड, सेट-टॉप बॉक्स और रिपेयरिंग उपकरण रखे हुए थे। आग में लगभग 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी, हालांकि वास्तविक कारण की जाँच की जा रही है।
व्यापारी संगठनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और क्षति का सर्वे कराने की मांग की है। दीपावली की रात हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दुख और आक्रोश की भावना पैदा कर दी है।


