
खड्डा/कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के खड्डा थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रिश्तों को कलंकित करते हुए सगे फूफा ने अपनी महज़ 2.5 वर्ष की भतीजी को हवस का शिकार बना डाला। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह घटना सामने आते ही इलाके में आक्रोश का माहौल फैल गया। परिजनों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने पर खड्डा पुलिस हरकत में आई और सक्रियता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
रिश्ते हुए शर्मसार, मासूमियत हुई घायल
सूत्रों के अनुसार, घटना खड्डा थाना क्षेत्र के एक गाँव की है, जहाँ घर आए आरोपी फूफा ने भरोसे और रिश्तों को तार-तार करते हुए अपनी ही मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात अंजाम दी। मासूम बच्ची की हालत बिगड़ने और रोने की आवाजें सुनकर परिजनों को घटना का संदेह हुआ, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गाँव को झकझोर कर रख दिया है।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की गिरफ्तारी
परिजनों की तहरीर पर खड्डा थाने में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया जिसमें पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म से संबंधित कड़ी धाराएँ शामिल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटे बाद आरोपी को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर ठोस साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सख्त सज़ा दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस की तत्परता पर परिजनों ने जताया भरोसा
मासूम की माँ और परिवारजन पूरी तरह सदमे में हैं। परिजनों ने खड्डा पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई ने उन्हें न्याय की उम्मीद दी है। पुलिस भी इस मामले को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए लगातार मॉनिटर कर रही है।
जिले में कड़ा संदेश
इस घटना ने समाज को शर्मसार किया है, लेकिन खड्डा पुलिस द्वारा आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी ने अपराधियों के लिए एक सख्त संदेश भी दिया है कि महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए कोई राहत नहीं होगी।
