
कुशीनगर। पूर्वांचल व्यापार मंडल की ओर से मंगलवार, 21 अक्टूबर 2025 की सायंकाल कन्हैया टाकीज रोड स्थित मुख्य कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेश सैनी तथा संचालन विजय प्रकाश पाण्डेय ने किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वरिष्ठ लोकतंत्र रक्षक सेनानी श्री बंका सिंह ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता को नमन किया तथा संगठन और व्यापारी वर्ग की उन्नति के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
समारोह में मंचासीन पदाधिकारियों — प्रदेश उपाध्यक्ष जितेन्द्र जायसवाल, कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह मुन्ना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नाथू सिंह पटेल, संयोजक योगेन्द्र जायसवाल, राघव शरण मिश्र, रवि सिंह, निर्मल साहा एवं डॉ. धनंजय मिश्र ने दीपावली के महत्व पर संबोधन देते हुए कहा कि “दीप पर्व हमें अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। व्यापारी समाज राष्ट्र की अर्थनीति का महत्वपूर्ण स्तंभ है, अतः उनका सशक्त संगठन समय की आवश्यकता है।”
इसके उपरांत प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश, महालक्ष्मी एवं सरस्वती जी की वंदना करते हुए दीप आरती की गई, जिससे पूरा परिसर भक्ति, सौहार्द और सांस्कृतिक उत्साह से आलोकित हो उठा। कार्यक्रम में जेपी पाठक, सिराज अहमद, सुकयी जायसवाल, जिलाध्यक्ष संतोष वर्मा, पिंटू जायसवाल, राजन सिंह पटेल, संजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के समापन अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश सैनी ने सभी आगंतुकों एवं व्यापारी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “व्यापारी समाज अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा है, और एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।” कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण, सामूहिक दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।
