
कुशीनगर | विशेष रिपोर्ट विलेज फास्ट टाइम्स
कुशीनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिलेभर में तैयारियाँ जोरों पर हैं। प्रशासन से लेकर नगर निकाय और ग्रामीण स्तर तक छठ घाटों को सजाने-संवारने का काम युद्धस्तर पर जारी है। जिले के सैकड़ों छठ घाटों पर सफाई, रंगाई और प्रकाश व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
चार दिवसीय छठ महापर्व 25 अक्टूबर से ‘नहाए-खाए’ के साथ शुरू होगा। इसके बाद 26 को खरना, 27 को डूबते सूर्य को अर्घ्य और 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती अपने 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करेंगे। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस व गोताखोर की तैनाती, बैरिकेडिंग, टेंट, लाइट और मेडिकल टीम की भी तैयारी की जा रही है।
छठघाटों पर लगातार पहुंच रही सफाई टीमें झील, नदी और तालाबों के किनारों की पैदल मॉनिटरिंग कर रहीं हैं। ग्रामीण इलाकों में युवक मंडल, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग भी सजावट व सेवा में जुटे हैं। जनमानस में उल्लास साफ झलक रहा है और बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी भी तेज हो चुकी है।
कुशीनगर में सूर्योपासना का यह पर्व सामाजिक एकता, स्वच्छता और आस्था का अनुपम संगम प्रस्तुत करता है।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर की यह विशेष रिपोर्ट… छठघाटों की तैयारियों से जुड़ी हर अपडेट आप तक लगातार पहुंचाती रहेगी।
