
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
कुशीनगर, 01 नवम्बर। सड़क सुरक्षा और नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “यातायात माह नवम्बर 2025” का भव्य शुभारंभ आज पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर जनपद भर में नागरिकों, ई-रिक्शा चालकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया। उनके साथ निरीक्षक यातायात सत्यप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक इम्तियाज अहमद, यातायात शाखा के कर्मचारीगण तथा नगर के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी ने उपस्थित चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि “सड़क पर सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है, हेलमेट और सीट बेल्ट जीवन रक्षा के कवच हैं।”
शुभारंभ के पश्चात हरी झंडी दिखाकर रविन्द्रनगर चौराहा से मा. न्यायालय गेट तक भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में “सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें”, “नशे में वाहन न चलाएं”, और “यातायात नियम जीवन का अनुशासन” जैसे संदेशों से शहर गूंज उठा।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों को पंपलेट बांटकर नियमों की जानकारी दी और यातायात अनुशासन अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम ने नागरिकों में उत्साह और जिम्मेदारी का भाव जगाया।
👉 रिपोर्ट: विलेज फास्ट टाइम्स संवाददाता, कुशीनगर


