
📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
कुशीनगर, 01 नवम्बर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिला खेल कार्यालय कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ओपेन आमंत्रण पुरुष फुटबॉल व कबड्डी प्रतियोगिताएं आज संपन्न हुईं। फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 29 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक बेदूपार इंटर कॉलेज, सेवरही में तथा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक किसान पी.जी. कॉलेज, तमकुही रोड में किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह किसान पी.जी. कॉलेज में भव्य रूप से आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में श्री विनय राय, अध्यक्ष कुशीनगर महोत्सव, पड़रौना ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। उनका स्वागत क्रीड़ाधिकारी श्री रवि कुमार निषाद ने अंगवस्त्र, बैज व बुके भेंट कर किया। विशिष्ट अतिथियों में श्री दीपक राय (प्रबंधक किसान डिग्री कॉलेज सेवरही), श्री राजू राय (पूर्व चेयरमैन, खेल यूनियन सेवरही) सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में बलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महराजगंज को 3–1 गोल से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। निर्णायक मंडल में संजय साहनी, मनोज तिवारी, अमल कुमार, कौशल किशोर सहित अन्य रेफरी शामिल रहे।
वहीं, कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल में आजमगढ़ ने मऊ को हराकर चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक भूमिका विनोद कुमार यादव, माया राय, देवेन्द्र कुमार यादव सहित अन्य निर्णायकों ने निभाई।
समापन अवसर पर क्रीड़ाधिकारी श्री रवि कुमार निषाद ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, मीडिया और सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
