

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस कप्तान केशव कुमार के निर्देशन में थाना विशुनपुरा पुलिस ने बीती रात व्यापक और योजनाबद्ध चेकिंग अभियान चलाया। रात गहराती रही, लेकिन पुलिस टीम सड़कों पर गश्त करती नजर आई। मुख्य मार्गों, बाजारों तथा बेहद संवेदनशील इलाकों में पुलिस की कड़ी चौकसी ने असामाजिक तत्वों में खलबली मचा दी।
इस रात्रि गश्त की कमान सब इंस्पेक्टर गुंजेश आनन्द सब इंस्पेक्टर सौरभ गिरी ने संभाली। उनके साथ हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल पवन कुमार सहित एक सशक्त पुलिस टीम मौजूद रही। टीम ने क्षेत्र में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, बाइक सवारों तथा बिना नंबर प्लेट या संदेहास्पद हालात में दौड़ते वाहनों को रोककर गहन पूछताछ की।
पुलिस टीम ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों के कागजातों की जांच की। बिना दस्तावेज वाले वाहनों पर विधिक कार्रवाई करते हुए कई व्यक्तियों को चेतावनी भी दी गई। रात के समय यात्रा कर रहे राहगीरों से भी पूरी शालीनता के साथ पूछताछ की गई, ताकि किसी तरह की आपराधिक गतिविधि को पनपने का मौका न मिले।
अभियान के दौरान टीम ने सुनसान इलाकों में पैदल गश्त भी की और शराब, जुआ, चोरी एवं अवैध गतिविधियों में शामिल होने की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी। पुलिस की सख्त मौजूदगी से क्षेत्रवासियों ने भी राहत महसूस की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे रात्रि गश्ती अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों के मंसूबे पहले ही ध्वस्त किए जा सकें और आमजन बिना भय के जीवन जी सकें।
