
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर—तमकुही रोड
तारीख 17/11/2025
तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पर आज व्यापारियों का तेज़ और प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला, जब क्षेत्रीय व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि एकजुट होकर रेलवे अधीक्षक को लंबी दूरी की ट्रेनें शुरू कराने के लिए ज्ञापन सौंपने पहुंचे। व्यापारियों ने साफ कहा कि तमकुही रोड जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन को वर्षों से उपेक्षित किया गया है, जबकि यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं।
व्यापारी नेता शुकदेव रौनियार ने ज्ञापन देते हुए जोर दिया कि टाटा नगर से थावे तक चलने वाली ट्रेन को गोरखपुर तक बढ़ाया जाए, ताकि तमकुही रोड और आसपास क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन बढ़ने से न सिर्फ व्यापार को गति मिलेगी, बल्कि हजारों यात्रियों की सुविधा भी बढ़ेगी।
वहीं तहसील प्रभारी एवं व्यापारी नेता अजय गुप्ता ‘इंजीनियर साहब’ ने स्पष्ट तौर पर कहा कि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसी मेट्रो सिटी तक की लंबी दूरी ट्रेनों का इस रूट पर संचालन समय की मांग है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन लाखों का व्यापार होता है, लेकिन यात्रियों को लंबी दूरी की यात्राओं के लिए आज भी दूसरे स्टेशनों पर भटकना पड़ता है।
इसी क्रम में पुर्वांचल व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं सभासद पप्पू जायसवाल ने स्टेशन की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में बना सार्वजनिक शौचालय पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ा है, जिसके चलते यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि शौचालय को तत्काल खोला जाए और स्टेशन का समुचित रखरखाव कराया जाए।
ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय एकीकरण व्यापार मंडल अध्यक्ष शुकदेव रौनियार, तहसील प्रभारी अजय गुप्ता इंजीनियर, पुर्वांचल व्यापार मंडल अध्यक्ष सभासद पप्पू जायसवाल, दवा संघ जिला अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, समाजसेवी किशोरी मद्धेशिया सहित कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारी नेताओं ने चेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही रेलवे विभाग ठोस कदम नहीं उठाता, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।
—विलेज फास्ट टाइम्स
