
18 नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के ब्लॉक हाटा परिसर में आज एक प्रेरणादायक और मानवता से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां दिव्यांगजन विभाग की ओर से एक भव्य उपकरण वितरण शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्र के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि माननीय विधायक हाटा मोहन वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अभय पांडेय ने बताया कि शिविर में कुल 40 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिसमें
34 ट्राईसाइकिल,
04 स्मार्ट केन,
02 ADL किट शामिल रहे।
एतेक ही नहीं, विभाग की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक कॉख्लियर इम्प्लांट योजना के तहत लाभान्वित बालक यश कुमार को 6 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान कर माननीय विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। माननीय विधायक ने कहा कि “सरकार की मंशा है कि कोई भी दिव्यांगजन अपने अधिकारों और सुविधाओं से वंचित न रहे। हर योग्य व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।”
शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों को दी, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी आगे आकर इन योजनाओं का फायदा उठा सकें।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख हाटा के प्रतिनिधि, डीसी मनरेगा राकेश, तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पांडेय सहित कई विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान ऊर्जा, संवेदनशीलता और सेवा की भावना साफ दिखाई दी।
इस तरह के शिविर न सिर्फ दिव्यांगजनों को नई दिशा देते हैं, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार गरीब, वंचित और जरूरतमंदों के साथ खड़े हैं।
विलेज फास्ट टाइम्स के लिए — कुशीनगर से विशेष रिपोर्ट
