
25 नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीद दिवस पर 25 नवंबर 2025 को अवकाश रहेगा। इस संबंध में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य प्रशासन अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा जारी विज्ञप्ति संख्या 870/तीन-2024-39(2)/2016 दिनांक 17 दिसंबर 2024 तथा शासन के 20 नवंबर 2025 के प्रस्तर-02 में उल्लिखित निर्देशों के अनुपालन में शासन स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सम्यक विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के अवसर पर पहले 24 नवंबर 2025 को निर्धारित कार्यकारी अवकाश के स्थान पर अब 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को अवकाश घोषित किया जाएगा। इस संशोधित आदेश के बाद 25 नवंबर को जिले के सभी शासकीय व अर्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य विभागीय प्रतिष्ठानों में पूर्ण अवकाश लागू रहेगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय शासन द्वारा धार्मिक सद्भाव, परंपराओं के सम्मान और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस का देश के इतिहास और समाज पर गहरा प्रभाव रहा है। उनके अद्वितीय त्याग और धर्म एवं मानवता की रक्षा के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धा एवं सम्मान देने के उद्देश्य से यह अवकाश सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि शक संवत 1947 आग्रहायण 04 तथा विक्रम संवत 2082 मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी के अनुसार भी यह तिथि 25 नवंबर 2025 को ही आती है। इस कारण शासन ने तिथि परिवर्तन कर इसे अंतिम रूप से निर्धारित किया है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों व संस्थान प्रमुखों को निर्देशित किया है कि शासन के उपर्युक्त आदेशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन को भी अवगत कराया गया है कि 25 नवंबर को जिला स्तर पर सभी सरकारी गतिविधियाँ अवकाश की स्थिति में रहेंगी।
इस निर्णय से जनपदवासियों में हर्ष का वातावरण देखा जा रहा है। लोग इसे गुरु परंपरा और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने वाला कदम मान रहे हैं।
