
विलेज फास्ट टाइम्स जनपद कुशीनगर
दिनांक : 28 नवम्बर 2025
कुशीनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत और चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री राकेश प्रताप सिंह ने गुरुवार देर रात 27/28 नवम्बर 2025 को थाना विशुनपुरा का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी। सीओ साहब के अचानक पहुंचते ही थाना परिसर में गतिविधियां तेज हो गईं और सभी अधिकारी-कर्मचारी सतर्क मुद्रा में दिखाई दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के जनसुनवाई रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बंदीगृह सहित सभी महत्वपूर्ण सेक्शनों की गहन पड़ताल की। प्रत्येक अभिलेख को बारीकी से जांचते हुए उन्होंने कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए।
सीओ राकेश प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि— “जनता से मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता होनी चाहिए। अपराधों की रोकथाम के लिए रात में गश्त किसी भी कीमत पर ढीली नहीं पड़े।”
उन्होंने सभी अधिकारियों को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग, अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और महिला संबंधित अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही बंदीगृह, मालखाना व सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की सलाह दी।
क्षेत्राधिकारी का यह अचानक निरीक्षण जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है। उनके निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है तथा स्थानीय लोगों में भरोसा और विश्वास बढ़ा है कि पुलिस अंधेरी रातों में भी उनकी सुरक्षा के लिए लगातार तत्पर है।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर के लिए यह एक विशेष रिपोर्ट।
