
विलेज फास्ट टाइम्स जनपद कुशीनगर
दिनांक: 28 नवम्बर 2025
कुशीनगर। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विशुनपुरा थाना पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी। लंबे समय से कानून से फरार चल रहे तीन महत्वपूर्ण वारंटी अभियुक्तों को पुलिस टीम ने धर-दबोचा। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत की माहौल है और आमजन ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना विशुनपुरा पुलिस द्वारा वांछित व वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने तीन अलग-अलग मुकदमों में नामजद एवं लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पहला अभियुक्त दिलजान पुत्र हदीश, निवासी बासगांव टोला जमुआन, थाना विशुनपुरा, 437/16 व 1469/12 के गंभीर मामले—धारा 147, 323, 504, 506, 452, 392 भादवि—में वांछित था। दूसरा वारंटी सोनू पुत्र नसरूद्दीन, निवासी दुदही गद्दी टोला, थाना विशुनपुरा, अपहरण, दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट जैसे जघन्य अपराध—धारा 363, 366, 376, 120बी व पाक्सो की धारा 3/4, 7/8—में लंबे समय से फरार चल रहा था। तीसरा अभियुक्त अनिल पुत्र बृजबिहारी, निवासी जंगल लाला छपरा दुबौली, 147, 323, 504, 506, 379 भादवि में वांछित था।
तीनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी को पुलिस विभाग ने अभियान की बड़ी उपलब्धि माना है। इन अपराधियों के कारण क्षेत्र में भय व असुरक्षा का वातावरण व्याप्त था, जिसकी शिकायतें ग्रामीणों द्वारा लगातार मिलती रही थीं। पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से दबिश बनाते हुए इन सभी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूर्ण कर दी है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
इस पूरे अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने किया। टीम में उ0नि0 मुकेश कुमार, उ0नि0 बृजेश सिंह, उ0नि0 उदयराज, हे0का0 संतोष चौरसिया, का0 श्यामसुन्दर यादव, का0 अंगद यादव, का0 महेन्द्र यादव, का0 कन्हैया यादव, का0 मिशलेश मौर्या, का0 विपिन द्विवेदी, का0 नरेन्द्र यादव, का0 राजीव वर्मा व का0 उपेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। विशुनपुरा पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच पाना अब संभव नहीं। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस सक्रियता को सराहा है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
