

कुशीनगर जिले के दुदही नगर पंचायत के मईहरवा स्थित हल्दी ग्राउंड में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन और मुशायरे की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह पहला अवसर है जब दुदही में इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय कवियों का आगमन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम कल यानी सोमवार, 1 दिसंबर की शाम 6 बजे से शुरू होगा।इस भव्य आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। नगर पंचायत दुदही के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं आयोजन समिति के संयोजक अजीम आलम ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएँ।इस कवि सम्मेलन और मुशायरे में देश के कई नामचीन कवि और शायर शिरकत करेंगे जिनमें अजहर इकबाल, अपूर्व विक्रम शाह, मणिका दुबे, नदाम फ़ारूख, डॉ. अनिल चौबे, बादशाह प्रेमी, अखिलेश त्रिवेदी इलाहाबादी, अदील रशीद, मोहर्रम सवा सहित कई नाम शामिल हैं। इनका आना दुदही के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान समाजिक और सांस्कृतिक सम्मान भी किए जाएंगे। स्कूल में टॉप करने वाले बच्चों का सम्मान, रिटायर्ड सैनिकों को सम्मान पत्र और सामाजिक योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे कार्यक्रम का आकर्षण और भी बढ़ जाएगा।आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम गंगा-जमुनी तहज़ीब, सामाजिक एकता और साहित्यिक संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगरवासियों में इस ऐतिहासिक कवि सम्मेलन और मुशायरे को लेकर भारी उत्साह है।
