
01 दिसम्बर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जिले के रविन्द्र नगर घुस स्थित भव्य जिला स्टेडियम आज उत्साह, जोश और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा आयोजित मा. सांसद खेल महोत्सव के तहत मा. विधायक खेल स्पर्धा–विधानसभा पडरौना के दो दिवसीय प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ हुआ। स्टेडियम में खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों की तालियों ने उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पडरौना विधान सभा के लोकप्रिय विधायक मा. मनीष जायसवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। तत्पश्चात प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आदित्य चंद द्वारा मुख्य अतिथि को बुके देकर स्वागत किया गया। इसके बाद जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि निषाद, जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार, तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जियावन मौर्य द्वारा भी अतिथियों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण से सम्मान किया गया।
मुख्य आकर्षण रहा विधायक जी द्वारा 800 मीटर एथलेटिक्स दौड़ का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ। इस रोमांचक दौड़ में विशाल यादव प्रथम, प्रदीप जायसवाल द्वितीय और आदित्य उपाध्याय तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में लक्ष्मी यादव ने बाजी मारी, जबकि कुमारी सलोनी द्वितीय और अमृता सोनी तृतीय रहीं। विजेता खिलाड़ियों को विधायक जी ने मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया, जिससे खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
विधायक मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल-कूद ही एक स्वस्थ, अनुशासित और सुदृढ़ राष्ट्र की नींव है।” उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को मंच देने और खेल संरचनाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में पहली बार विधायक खेल स्पर्धा जैसा आयोजन संभव हुआ है, जो युवाओं को नई दिशा देगा।
अंत में आयोजक आदर्श जी ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली तरीके से रविन्द्र नारायण पांडेय ने किया।
इस अवसर पर शशिप्रभा सिंह BO हाटा, ऋषिकेश यादव BO खड्डा, अनिल कुमार मिश्र (प्रदेश चयनकर्ता एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (प्रधानाचार्य उदित नारायण इंटर कॉलेज) समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे दिन स्टेडियम खेल भावना, उत्साह और जोश से सराबोर रहा।




