
03 दिसम्बर – विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
06 जनवरी 2026 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
कुशीनगर जनपद में गोरखपुर–फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की गतिविधियों में आज से तेजी आ गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं भारत निर्वाचन आयोग की निगरानी में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की De-Novo पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत तैयार की गई नई निर्वाचक नामावली का आलेख्य 02 दिसम्बर 2025 को निर्धारित मतदेय स्थलों पर प्रकाशित कर दिया गया है।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पुनरीक्षण पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमबद्ध प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के योग्य शिक्षक मतदाताओं का एक भी नाम छूटने न पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 1960 के नियम 12 के अनुरूप 02 दिसम्बर से 16 दिसम्बर 2025 तक दावे व आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में कोई भी पात्र शिक्षक अपना नाम जोड़वा सकता है, संशोधन करा सकता है या किसी त्रुटि के संबंध में आपत्ति दर्ज करा सकता है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली सभी संबंधित मतदेय स्थलों, तहसीलों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय कुशीनगर में निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी-अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने आगे बताया कि दावे-आपत्तियों के निपटान के बाद संशोधित और पूर्ण अंतिम मतदाता सूची 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन ने निर्वाचक सूची पुनरीक्षण को संवेदनशील प्रक्रिया मानते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच शिक्षक संगठनों में भी हलचल बढ़ गई है। आगामी शिक्षक निर्वाचन को देखते हुए विभिन्न संगठनों ने अपने सदस्यों से अपील की है कि वे समय रहते नामावली का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई करें। जिले में निर्वाचन कार्यालय से लेकर सरकारी दफ्तरों तक चुनावी माहौल बनने लगा है और अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य में जुटे हैं।
विलेज फास्ट टाइम्स लगातार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया की अपडेट पाठकों तक पहुंचाता रहेगा।
