

जगदीश पब्लिक स्कूल के पांचवें स्थापना दिवस पर उठा शिक्षा के गिरते नैतिक मूल्यों का सवाल, वक्ताओं ने दिया समाज को संस्कारवान पीढ़ी तैयार करने का संदेश
पांच वर्षों में विद्यालय ने बनाई विशिष्ट पहचान, विधायक पी.एन. पाठक ने की उपलब्धियों की सराहना
कैचवर्ड: शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का संगम बना जगदीश पब्लिक स्कूल का स्थापना दिवस समारोह
विशेष संवाददाता विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर अरविन्द पाण्डेय
कुशीनगर। समाज को डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी और बड़े पदों पर बैठे लोग तो चाहिए, लेकिन उससे पहले उसे अच्छे इंसान चाहिए। क्योंकि जिस शिक्षा से बच्चों को ऊंचे पद तो मिल जाएं, लेकिन बड़ों का सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिकता और अपनी संस्कृति के प्रति गौरव का भाव न मिले, ऐसी शिक्षा की सफलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। आज आधुनिकता की चकाचौंध में संस्कारों के कमजोर पड़ते आधार के बीच जगदीश पब्लिक स्कूल का पांचवां स्थापना दिवस केवल एक विद्यालय का वार्षिकोत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य पर समाज को आत्ममंथन करने का संदेश देने वाला आयोजन बना।

दुदही ब्लॉक के गौरीश्रीराम स्थित विद्यालय परिसर में शनिवार की शाम आयोजित समारोह में शिक्षा, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने शिक्षा के बदलते स्वरूप और संस्कारों की आवश्यकता पर सारगर्भित विचार रखे। मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस गरिमामयी शुरुआत ने समारोह को शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के भाव से जोड़ दिया। अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर अभिनंदन किया गया।
मुख्य वक्ता डॉ. बालमुकुंद पाण्डेय ने अपने संबोधन में पाश्चात्य सभ्यता के अंधानुकरण पर करारा कटाक्ष करते हुए कहा कि आज शिक्षण संस्थानों में आधुनिकता की होड़ तो दिखाई देती है, लेकिन विद्यार्थियों के जीवन में संस्कारों की उपस्थिति भी उतनी ही जरूरी है। अंग्रेजी बोल लेना, महंगे संसाधनों का इस्तेमाल करना और अच्छे अंक प्राप्त कर लेना ही शिक्षा की पूर्णता नहीं है। शिक्षा की असली पहचान विद्यार्थी के व्यवहार, चरित्र, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन से होती है। भारतीय शिक्षा पद्धति शिष्टाचार, सभ्यता और संस्कृति से जुड़कर व्यक्ति को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यालय में विषयगत ज्ञान के साथ संस्कार निर्माण को महत्व देने की सराहना की।
कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि महज पांच वर्षों में जगदीश पब्लिक स्कूल ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान स्थापित कर प्रदेश स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शन की दिशा में कदम बढ़ाया है। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के ऐसे प्रयास भविष्य की पीढ़ी के लिए उम्मीद की किरण हैं। उन्होंने विद्यालय की प्रगति की प्रशंसा करते हुए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
भाजपा नेता डॉ. विजय राय ने कहा कि आज की शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जो विद्यार्थियों को केवल परीक्षा पास करने योग्य नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाए। दक्षता, आत्मविश्वास, व्यवहारिक ज्ञान और सांस्कृतिक चेतना ही सर्वांगीण सफलता का आधार हैं।
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण जनसंदेश यही रहा कि बच्चों को केवल सफल पेशेवर नहीं, बल्कि संवेदनशील नागरिक और चरित्रवान इंसान बनाना भी शिक्षा की जिम्मेदारी है। विद्यालय, अभिभावक और समाज यदि मिलकर बच्चों में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदना और सांस्कृतिक मूल्यों का बीजारोपण करें, तभी एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की कल्पना साकार होगी। आधुनिकता अपनाने में कोई बुराई नहीं, लेकिन अपनी जड़ों को भूल जाना प्रगति नहीं हो सकती।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य गंगेश्वर पाण्डेय, जगदीश सेवा न्यास के अध्यक्ष मदन मोहन पाण्डेय, आचार्य उमेश पाण्डेय, ऊशेष पाण्डेय, पारसनाथ सिंह, मुकेश दुबे, सतीश पाण्डेय, राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार, संदीप मिश्र, गोविंद किशोर शाही, छतरी यादव, जगदीश मिश्र, अमित पाण्डेय, सुनील कुमार, दीपक सोनी, राजेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
