
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
कुशीनगर जनपद के पड़रौना क्षेत्र में विश्व हिन्दू परिषद, गोरक्ष प्रान्त के तत्वावधान में संचालित दुर्गा वाहिनी निःशुल्क प्रशिक्षण वर्ग के षष्ठम दिवस का शुभारंभ भव्य, अनुशासित और ओजपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। मातृशक्ति के सशक्तिकरण और आत्मरक्षा के संकल्प के साथ आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति जिला संयोजिका सरोज जी, दुर्गा वाहिनी सहसंयोजिका करिश्मा जी, शिक्षिका गीता जी, दुर्गा वाहिनी की रजनी जी, प्रतिमा जी, आराधना जी, ममता जी, अनुष्का जी, अर्चना जी तथा योग शिक्षक अजय जी के साथ जिला मंत्री सुरेन्द्र जी, धर्माचार्य सम्पर्क प्रमुख वेद प्रकाश जी, सह खण्ड कार्यवाह संजय जी एवं शारीरिक प्रमुख धीरज सहित अन्य स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। यह क्षण मातृशक्ति के जागरण और राष्ट्रहित के संकल्प का सजीव प्रतीक बना।
इस अवसर पर शिक्षक मार्कण्डेय जायसवाल जी ने प्रशिक्षण वर्ग में भाग ले रही बहनों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आज की नारी केवल सहनशील ही नहीं, बल्कि सशक्त, सजग और आत्मनिर्भर भी है। उन्होंने विश्व हिन्दू परिषद द्वारा बहनों के आत्मरक्षार्थ दिए जा रहे इस प्रशिक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए इसकी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब मातृशक्ति जागृत होती है, तब समाज और राष्ट्र स्वतः सुरक्षित हो जाता है।
प्रशिक्षण वर्ग में बहनों को आत्मरक्षा, अनुशासन, योग, शारीरिक अभ्यास एवं मानसिक दृढ़ता से जुड़े विविध आयामों का अभ्यास कराया जा रहा है। यहाँ केवल तकनीक नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्रभक्ति का बीज भी बोया जा रहा है। हर दिन बहनों के भीतर एक नई ऊर्जा, नया उत्साह और नया आत्मबल दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि दुर्गा वाहिनी का यह प्रयास आने वाले समय में समाज के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच सिद्ध होगा। यह प्रशिक्षण बहनों को न केवल विपरीत परिस्थितियों से जूझने में सक्षम बनाएगा, बल्कि उन्हें नेतृत्व की भूमिका के लिए भी तैयार करेगा।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर मानता है कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन की आधारशिला हैं, जो मातृशक्ति को निर्भीक, सशक्त और स्वावलंबी बनाकर राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करते हैं।

















विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | विशेष समाचार
विश्व हिन्दू परिषद – जिला पड़रौना, गोरक्ष प्रान्त के तत्वावधान में आयोजित दुर्गा वाहिनी-नियुद्ध प्रशिक्षण वर्ग (सात दिवसीय) का समापन 13 जनवरी 2026 को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न होगा। इस अवसर पर मातृशक्ति के सामर्थ्य, संस्कार एवं सुरक्षा के संकल्प को सशक्त करने हेतु सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में जिले के गणमान्य नागरिक, संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे। यह आयोजन मातृशक्ति के आत्मबल, राष्ट्रभावना एवं संगठनात्मक एकता का प्रतीक बनेगा।
सहभोज कार्यक्रम दिन में 12:30 बजे से प्रारंभ होगा।
स्थान – श्री बच्चू सिंह एजुकेशनल एकेडमी, मठिया माफी (डकही), विकास खंड दुदही, जनपद कुशीनगर।
यह आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, अनुशासन एवं राष्ट्रनिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
जय श्रीराम!
