
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कप्तानगंज नगर पंचायत के मंगल बाजार क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने एक विशेष समुदाय के घर पर अचानक हमला बोल दिया। बदमाशों ने घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड फायरिंग की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने घटनास्थल से फायरिंग के बाद गिरे गोली के खोखे बरामद किए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। बीते महीने भी थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर ऐसी ही वारदात हुई थी, जिसमें हथियारबंद बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाकर पूरे नगर में भय का माहौल बना दिया था। उस प्रकरण में पुलिस ने हत्या के प्रयास के तहत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था।
इसी क्रम में नगर के चांदनी चौक पर कुछ बदमाशों ने एक व्यापारी पर हमला किया था। प्रतिबंधित असलहे के बट से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बदमाशों का इतना खौफ था कि पीड़ित व्यापारी नामजद तहरीर तक देने से डर गया।
लगातार हो रही घटनाओं से नगरवासी भयभीत हैं और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आमजन का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बदमाशों के हौसले और बुलंद होंगे।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। कप्तानगंज क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्धों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जनता को भरोसा दिलाया गया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून का राज स्थापित किया जाएगा।

