
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 25.01.2026 | थाना कसया
जनपद कुशीनगर में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कसया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी एवं टप्पेबाजी की घटनाओं में सक्रिय एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से एक चार पहिया वाहन सहित चोरी में प्रयुक्त होने वाले कई औजार बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना कसया पुलिस टीम द्वारा सटीक सूचना एवं सतर्क निगरानी के आधार पर थाना क्षेत्र से उक्त अभियुक्तों को दबोचा गया। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना कसया पर मु0अ0सं0 053/2026 धारा 310(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राज कपूर निषाद, सत्येन्द्र निषाद, आदित्य कुमार, श्याम सुन्दर तथा विक्की कुमार शामिल हैं, जो कुशीनगर, देवरिया एवं गोरखपुर जनपदों के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा संगठित रूप से चोरी एवं टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक सफेद रंग की कार (UP53AJ0616), तीन पेचकश, एक प्लास, एक पाइप नुमा धातु की हथौड़ी तथा दो सरिया बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि गिरोह योजनाबद्ध तरीके से घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध कुशीनगर, देवरिया एवं महराजगंज जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित एक दर्जन से अधिक अभियोग पूर्व से पंजीकृत हैं, जो इनके आपराधिक इतिहास को दर्शाते हैं।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना कसया के थानाध्यक्ष उप निरीक्षक अभिनव मिश्रा द्वारा किया गया। उनके साथ उप निरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, दीपक प्रधान, उज्ज्वल गौड़ सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
कसया पुलिस की इस प्रभावी एवं कड़क कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है ।
