
कुशीनगर। जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर घटित दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के स्वागत कार्यक्रम के दौरान फूल वर्षा के लिए सड़क किनारे खड़े एक बुलडोजर को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलडोजर असंतुलित होकर पलट गया और उसकी चपेट में कई कार्यकर्ता आ गए।
इस हादसे में सेवरही विकास खंड के ग्राम पारसा सिरिसिया निवासी शंभू निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मदद से शंभू निषाद को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। देर रात इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शंभू निषाद की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव पारसा सिरिसिया सहित पूरे क्षेत्र और निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री डॉ. संजय निषाद ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में कोई कमी न रह जाए और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा घायलों के बेहतर उपचार का आश्वासन भी दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, त्वरित प्रशासनिक सक्रियता से स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया है। अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।
