
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 04 फरवरी 2026
जनपद कुशीनगर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटहेरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर सख्त प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के स्पष्ट निर्देशन में अवैध शराब के निष्कर्षण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना पटहेरवा पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम भटवलिया में दबिश देकर दो जरिकैन में भरी कुल 20 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त दो डेग (बर्तन) बरामद किए। मौके से एक महिला अभियुक्ता सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नरेश निषाद पुत्र स्वर्गीय महात्तम निषाद, निवासी बिन्दवलिया थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर तथा एक महिला अभियुक्ता शामिल हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना पटहेरवा पर मु0अ0सं0 23/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में अवैध शराब का निर्माण और बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि अवैध शराब न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि समाज और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चुनौती है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना पटहेरवा के थानाध्यक्ष श्री धीरेन्द्र राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनुराग यादव, उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव, कांस्टेबल राजन जायसवाल, कांस्टेबल अजय यादव, महिला कांस्टेबल ऊषा अग्रहरि एवं महिला कांस्टेबल प्रमिला कुमारी की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है और आमजन में यह संदेश गया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
