
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
कुशीनगर।जनपद में बच्चों को खसरा व रूबेला जैसी गंभीर और संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर विशेष एम०आर० टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 16 फरवरी 2026 से होगी और यह 27 फरवरी 2026 तक चलेगा।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय स्टेट टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में एम०आर० रोग के मामलों और टीकाकरण कवरेज की गहन समीक्षा के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अभियान के प्रथम चरण में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को एम०आर० वैक्सीन की एक डोज दी जाएगी, जिससे भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव सुनिश्चित हो सके।
यह विशेष टीकाकरण अभियान जनपद के समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में संचालित किया जाएगा। कक्षा 1 से कक्षा 5 तक अध्ययनरत सभी बच्चों को इस अभियान के अंतर्गत टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालयवार माइक्रोप्लान तैयार कर टीकाकरण टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, सूचना एवं जनसंपर्क तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक स्तर पर समन्वय बैठकें, मीडिया अभिमुखीकरण तथा जनपद एवं राज्य स्तर पर सतत निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों व मदरसों में अभिभावकों के साथ पूर्व बैठक आयोजित कर बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं, ताकि कुशीनगर को एम०आर० जैसी घातक बीमारियों से पूर्णतः मुक्त किया जा सके।
