


विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 05 फरवरी 2026 | थाना कोतवाली पडरौना
जनपद कुशीनगर में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत कोतवाली पडरौना पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई नरमी नहीं है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार राज्य के लिए तस्करी कर ले जाई जा रही 34 पेटी अंग्रेजी शराब ‘ऑफिसर्स च्वाइस’ के साथ एक शातिर शराब तस्कर को धर दबोचा है। कार्रवाई में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनांक 05.02.2026 को थाना कोतवाली पडरौना पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सघन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखी गई 34 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे बिहार राज्य ले जाया जा रहा था। मौके से अभियुक्त देवब्रत सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह, निवासी असना थाना अहिरौली बाजार जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली पडरौना में मु0अ0सं0 63/2026 धारा 111(2)(बी) बीएनएस एवं धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का साफ संदेश है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बरामद शराब में प्रत्येक पेटी में 48 शीशियां (प्रत्येक 180 एमएल) पाई गईं, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (UP53 BT 3326) की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने किया, जिनके साथ उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल चंदन यादव एवं कांस्टेबल अमरेंद्र नाथ सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की इस तत्परता से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन की इस कड़क कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कुशीनगर पुलिस अवैध कारोबार के खिलाफ पूरी ताकत से खड़ी है और नियम तोड़ने वालों को अब हर हाल में कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।
