

पडरौना (कुशीनगर)।
जनपद कुशीनगर के पडरौना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकास खंड विशुनपुरा की ग्राम सभा धूर छपरा नौका टोला संपर्क मार्ग एवं डगरहा संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास रविवार, 08 फरवरी 2026 को विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। यह शिलान्यास सदर विधायक मनीष जायसवाल उर्फ मंटू जी के कर-कमलों द्वारा लोक निर्माण विभाग कुशीनगर के अंतर्गत वर्ष 2025–26 की योजना के तहत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण नागरिक मौजूद रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं। संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, साथ ही किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी सीधा लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार विकास को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
विधायक ने महिलाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश की माताएं-बहनें और बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब महिलाओं को अनेक सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज वे शिक्षा, स्वरोजगार, व्यवसाय और सामाजिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी निर्णायक सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर भाजपा नेता हरिशंकर राय, मंडल अध्यक्ष दिनेश राय, ग्राम प्रधान विनोद गुप्ता, मनोज राय, प्रमोद राय, विधायक प्रतिनिधि घनश्याम मोदनवाल, प्रधान भोला चौधरी, प्रधान प्रतिनिधि दिनेश जायसवाल, रामायण कुशवाहा, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष महेश चंद्र रौनियार, दुर्गेश मिश्रा एवं वरुण राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री नित्यानंद पांडेय ने किया।
इसके अलावा विवेकानंद पांडेय, कोषाध्यक्ष सुनंद राय, कन्हैया कुशवाहा, विकास जायसवाल, ठेकेदार मनोज सिंह, भारत गुप्ता, जेई राजगोपाल चौबे, जेई बृजभूषण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
