
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
कुशीनगर सांसद के काफिले की 6 गाड़ियां आपस में टकराईं, बड़ा हादसा टला
कुशीनगर जनपद में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-28 पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुशीनगर सांसद के काफिले में चल रही कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह घटना दांदां ओवरब्रिज के पास उस वक्त हुई, जब काफिला तेज रफ्तार में आगे बढ़ रहा था। अचानक एक वाहन के ब्रेक लगाने से पीछे आ रही करीब पांच से छह गाड़ियां एक-दूसरे से भिड़ गईं। हादसे में काफिले की दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि अन्य वाहनों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि सांसद विजय कुमार दुबे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए काफिले के साथ जा रहे थे। काफिले में भाजपा के कई स्थानीय नेता और पदाधिकारी भी मौजूद थे। दुर्घटना के दौरान काफिले में युवा भाजपा नेता रविेश सिंह, छोटेलाल शास्त्री, अभिमन्यु गौतम, सत्यनारायण गौड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष ज्ञान विक्रम सिंह और भाजपा सभासद जटाशंकर यादव समेत कई लोग सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। काफिले में सवार कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और सहयोगी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। वहीं सूचना मिलने पर प्रशासन भी सतर्क हो गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं हो जाती हैं। अगर समय रहते सावधानी न बरती जाए तो ऐसे हादसे गंभीर रूप ले सकते हैं।
भाजपा सभासद जटाशंकर यादव ने बताया कि काफिला एक कार्यक्रम के लिए जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक वाहन के ब्रेक लगाने से पीछे चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश जरूर देती है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हाईवे पर सुरक्षित यातायात को लेकर आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की गई
